दीपावली से पहले इंदौर में अवैध पटाखा कारोबार के खिलाफ लसूड़िया पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की। पुलिस ने 4 अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 4 आरोपियों को पकड़ा और उनके कब्जे से करीब ₹1 लाख 50 हजार के पटाखे जब्त किए। सिंगापुर टाउनशिप, स्कीम नंबर 78 और तलावली क्षेत्र में हुई कार्रवाई के दौरान कुल 9 कार्टून और 4 बड़े झोलों में पटाखे बरामद किए गए। पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में चार अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी राजकुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने आमजन से केवल लाइसेंसधारी दुकानों से ही पटाखे खरीदने की अपील की है, ताकि त्योहार के दौरान अवैध विस्फोटक सामग्री की बिक्री पर रोक लगाई जा सके और सुरक्षा सुनिश्चित हो।
दीपावली से पहले इंदौर पुलिस की कार्रवाई, ₹1.50 लाख के अवैध पटाखे जब्त; 4 आरोपी पकड़े
