इंदौर में संदिग्ध एडवाइजरी कंपनी पर कार्रवाई, संचालिका सहित 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

इंदौर। म्यूल खातों के जरिए होने वाली वित्तीय धोखाधड़ी पर कार्रवाई करते हुए विजय नगर पुलिस ने सावित्री एम्पायर बिल्डिंग स्थित एक संदिग्ध एडवाइजरी कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कंपनी की संचालिका सहित 8 लोगों को मामले में आरोपी बनाया है। फिलहाल पुलिस कंपनी के दस्तावेजों, बैंक खातों और संभावित वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।

कार्यालय के बोर्ड और कंपनी के नाम में अंतर

जानकारी के मुताबिक, विजय नगर पुलिस की टीम ने सावित्री एम्पायर बिल्डिंग स्थित कार्यालय नंबर 503 की जांच की थी। कार्यालय के बाहर D. साहू कंपनी का बोर्ड लगा हुआ था, जबकि अंदर JP Wealth Research Private Limited का संचालन होना बताया गया।

जांच के दौरान कंपनी की ओर से प्रस्तुत प्रमाणपत्रों में जयपुर का पता दर्ज मिला। वहीं, इंदौर स्थित कार्यालय के संचालन और कर्मचारियों के सत्यापन से संबंधित दस्तावेज मांगे जाने पर कंपनी प्रबंधन उन्हें प्रस्तुत नहीं कर सका।

संचालिका सहित 8 लोगों पर मामला दर्ज

पुलिस ने जांच में मिली अनियमितताओं के आधार पर कंपनी की संचालिका सहित 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कंपनी के कामकाज में म्यूल खातों का इस्तेमाल हुआ है या नहीं और संभावित वित्तीय धोखाधड़ी के नेटवर्क से कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

पुलिस ने निवेशकों से की अपील

विजय नगर पुलिस के मुताबिक, एक महीने के भीतर म्यूल खातों और एडवाइजरी कंपनियों के खिलाफ यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी कंपनी में निवेश करने से पहले उसके पंजीयन और अधिकृत दस्तावेजों की जांच करें। गारंटीड मुनाफे के दावों पर भरोसा न करें और कमीशन के बदले किसी अन्य व्यक्ति को अपना बैंक खाता उपलब्ध न कराएं।

मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *