फरीदाबाद में पार्किंग विवाद में टेक महिंद्रा के पूर्व एशिया-पैसिफिक बिजनेस हेड की गोली मारकर हत्या

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में पार्किंग को लेकर हुआ विवाद जानलेवा साबित हुआ। सेक्टर 21-C में टेक महिंद्रा के पूर्व एशिया-पैसिफिक रीजनल बिजनेस हेड परमजीत धनखड़ की उनके पड़ोसी ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से करीब 15 से 16 राउंड फायरिंग की, जिनमें से 8 से 9 गोलियां परमजीत को लगीं।

पार्किंग और पालतू कुत्ते को लेकर पहले से विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, दोनों परिवार एक ही चार मंजिला इमारत में रहते थे। उनके बीच पार्किंग और पार्किंग क्षेत्र में पालतू कुत्ते को गंदगी कराने को लेकर कई दिनों से विवाद चल रहा था। इस बात को लेकर पहले भी दोनों परिवारों के बीच कहासुनी हो चुकी थी।

विवाद के बाद लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग

शुक्रवार रात वाहन पार्किंग को लेकर एक बार फिर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद पड़ोसी मोहन उर्फ मोनू शर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर परमजीत पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। करीब 15-16 राउंड फायरिंग में 8-9 गोलियां परमजीत को लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

शादी में शामिल होने सिंगापुर से लौटे थे परमजीत

पुलिस के अनुसार, परमजीत काम के सिलसिले में अक्सर सिंगापुर आते-जाते थे। वह 5 नवंबर को अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए फरीदाबाद लौटे थे। परिवार में 24 नवंबर को शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस घटना के बाद खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।

आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए गए। मृतक के बेटे की शिकायत पर सूरजकुंड थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई गई हैं और संभावित ठिकानों पर तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *