भोपाल के चार इमली में चंदन की चोरी: हाई सिक्योरिटी जोन में वारदात कैसे हुई?

भोपाल के हाई सिक्योरिटी जोन चार इमली में प्रमुख सचिव (खनिज) विवेक पोरवाल के सरकारी बंगले से चंदन के पेड़ का कीमती हिस्सा चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात करीब 2:30 बजे की बताई गई है। मंगलवार सुबह गार्ड ने बंगले के परिसर में चंदन का पेड़ कटा हुआ देखा। जानकारी के अनुसार, चोर पेड़ का ऊपरी और निचला हिस्सा छोड़कर बीच का कीमती हिस्सा काटकर ले गए। सीसीटीवी फुटेज में 2 संदिग्ध बाउंड्रीवाल फांदकर परिसर में घुसते दिखाई दिए हैं। हबीबगंज पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब चार इमली को हाई सिक्योरिटी जोन माना जाता है, तो इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद चोरी कैसे हो गई? क्या सुरक्षा गश्त और निगरानी में कोई चूक हुई? फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *