इंदौर क्राइम ब्रांच ने ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों के मामले में इंदौर निवासी सचिन विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस को राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय और केंद्रीय गृह मंत्रालय के साइबर क्राइम पोर्टल से संदिग्ध बैंक खातों की जानकारी मिली थी। जांच में आरोपी के नाम पर संचालित 3 बैंक खातों के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों से साइबर धोखाधड़ी की कुल 35 शिकायतें दर्ज मिलीं। इनमें उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड सहित कई राज्यों की शिकायतें शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आरोपी ने अपने बैंक खातों का म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल और संचालन करना स्वीकार किया है। क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस संदिग्ध लेनदेन और इस अंतरराज्यीय साइबर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
इंदौर में ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत साइबर ठगी का मामला, 3 म्यूल बैंक खातों से देशभर में 35 शिकायतें; आरोपी गिरफ्तार
