इंदौर में मध्यप्रदेश पुलिस और मध्यप्रदेश शासन द्वारा जुलाई माह से संचालित जन सुरक्षा युवा संवाद अभियान का राष्ट्रीय एकता दिवस और सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर समापन किया गया। पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने अभियान की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी दी। अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों ने स्कूलों और कॉलेजों में पहुंचकर विद्यार्थियों को कानून, संविधान, नए आपराधिक कानूनों, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, यातायात नियमों और नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों को पुलिस थानों का भ्रमण भी कराया गया, जहां उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली, जांच प्रक्रिया और महिला हेल्प डेस्क की जानकारी प्राप्त की। पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने अभियान के सकारात्मक परिणाम बताते हुए कहा कि युवाओं में कानून और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए यह पहल आगे भी जारी रहेगी। साथ ही नशा मुक्त भारत और ड्रग फ्री इंडिया के संकल्प के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इंदौर में जन सुरक्षा युवा संवाद अभियान का समापन, पुलिस कमिश्नर बोले- आगे भी जारी रहेंगे जागरूकता कार्यक्रम
