इंदौर में मोबाइल दुकान चोरी का खुलासा, 11.40 लाख रुपये के 36 मोबाइल बरामद; 100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले

इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक बाल अपचारी को पकड़ा है, जिसकी निशानदेही पर चोरी किए गए 36 महंगे एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए गए हैं। इन मोबाइलों की कुल कीमत करीब 11 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है। जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर की रात पवन पुत्र नगर स्थित मोबाइल दुकान को अज्ञात बदमाश ने निशाना बनाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी यशवंत बडोले के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आसपास के क्षेत्रों और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे 100 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज की जांच की। लगातार जांच के बाद पुलिस संदिग्ध बाल अपचारी तक पहुंची और उसकी निशानदेही पर सभी 36 मोबाइल बरामद किए। मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *