इंदौर में गश्त छोड़ बदमाश के साथ शराब पीने का आरोप, रहवासियों ने CCTV फुटेज के साथ की शिकायत; जांच के आदेश

इंदौर में तिलक नगर थाने की एफआरएबी (डायल-112) के पुलिसकर्मियों पर ड्यूटी के दौरान गश्त छोड़कर जेल से छूटे एक बदमाश के साथ शराब पीने का आरोप लगा है। मामला शनिवार देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच खुड़ैल थाना क्षेत्र के ग्राम बिहाड़िया स्थित ताज कॉलोनी का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, तिलक नगर थाने की एफआरएबी वाहन क्रमांक MP 04 YR 1247 में एएसआई श्रीराम परमार, हेड कांस्टेबल विनोद सक्सेना और एफआरएबी पायलट मौजूद थे। रहवासियों का आरोप है कि इसी दौरान बिना नंबर की बाइक से एक युवक वहां पहुंचा और पुलिसकर्मियों के साथ शराब पीने लगा। क्षेत्रवासी संदीप तिवारी के मुताबिक, यह सिलसिला रात करीब 1 बजे तक चला। रहवासियों ने अपने CCTV कैमरों में पुलिस वाहन और संबंधित गतिविधियां रिकॉर्ड होने के बाद खुड़ैल थाना प्रभारी और पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। एफआरएबी वाहन नंबर की जांच में उसके तिलक नगर थाने का होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद मामला तिलक नगर थाना प्रभारी मनीष लोधा तक पहुंचा। उन्होंने एएसआई श्रीराम परमार, हेड कांस्टेबल विनोद सक्सेना और एफआरएबी पायलट के खिलाफ रोजनामचे में रिपोर्ट दर्ज कर जांच के आदेश दिए हैं। फिलहाल मामले में जांच के निष्कर्ष और संबंधित पुलिसकर्मियों का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *