दक्षिण कोरिया को 8-1 से हराकर भारत सातवीं बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में, जापान से होगा मुकाबला

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण कोरिया को 8-1 से हरा दिया। मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में बुधवार, 4 नवंबर को खेले गए मुकाबले में भारत की ओर से शिलानंद लाकड़ा और दिलप्रीत सिंह ने 2-2 गोल किए। कप्तान हरमनप्रीत सिंह, सुखजीत सिंह, अंगद बीर सिंह और विवेक सागर प्रसाद ने भी 1-1 गोल कर टीम की जीत में योगदान दिया। दक्षिण कोरिया की ओर से एकमात्र गोल हान सांग-जुन ने किया। इस जीत के साथ भारत रिकॉर्ड सातवीं बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंच गया है। अब भारतीय टीम का मुकाबला गुरुवार, 5 नवंबर को शाम 7 बजे जापान से होगा। जापान ने दूसरे सेमीफाइनल में मलेशिया को शूटआउट में 5-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। भारत की नजर अब रिकॉर्ड छठी बार खिताब जीतने पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *