धार में सहकारी समिति प्रबंधक के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, 2.41 करोड़ की संपत्ति एवं खर्च का अनुमान

धार जिले में लोकायुक्त इंदौर ने आदिम जाति सेवा सहकारी समिति, नालछा के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति की शिकायत के बाद सर्च कार्रवाई की है। लोकायुक्त के मुताबिक, करीब 20 साल की नौकरी में उनका अनुमानित वेतन 65 लाख रुपये रहा, जबकि जांच में 2 करोड़ 41 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति एवं खर्च का अनुमान सामने आया है। वैध आय की तुलना में 271.46 प्रतिशत अनुपातहीन संपत्ति होने का दावा किया गया है।

जांच में ग्राम सोड़पुर में 2400 वर्गफीट का दो मंजिला मकान, जिसकी अनुमानित कीमत 97 लाख रुपये बताई गई है, और नालछा के मांडव रोड सोड़पुर तिराहे पर 1350 वर्गफीट का व्यावसायिक भवन, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है, की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा पत्नी के नाम कृषि भूमि, जेसीबी, महिंद्रा ट्रैक्टर, TUV, ऑल्टो कार, बुलेट और कृषि उपकरण भी जांच के दायरे में हैं। एक अन्य भवन के बेनामी संपत्ति होने की आशंका का सत्यापन किया जा रहा है।

सोड़पुर, नालछा और मांडव में लोकायुक्त की तीन टीमें एक साथ तलाशी कर रही हैं। मामले में भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। फिलहाल जांच जारी है। तलाशी और आय के स्रोतों के सत्यापन के बाद संपत्तियों को लेकर और जानकारी सामने आ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *