उज्जैन के देवास रोड स्थित निजी होटल श्रीगंगा में शनिवार देर रात चैंबर की सफाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। चैंबर की सफाई के लिए अंदर उतरे चार लोग जहरीली गैस की चपेट में आ गए, जिससे दम घुटने के कारण उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान कमलेश पिता सोहनलाल, नितिन पिता ताराचंद निवासी बाल्मीकि नगर, वाहिद निवासी सोमवारिया और मनोज पिता तेजमल निवासी वुड मंडावर, तहसील असनावर, जिला झालावाड़ के रूप में हुई है। बताया गया कि विकास पिता तेजमल सफाई के दौरान चैंबर के बाहर मौजूद था। घटना की सूचना मिलने पर एसपी प्रदीप शर्मा और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने मशीन का इंतजार किए बिना हथौड़े से चैंबर तोड़कर चारों को बाहर निकाला। मौके पर प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों ने उन्हें सीपीआर भी दिया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। चारों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बचाव के दौरान प्रभावित हुए कुछ अन्य कर्मचारियों को भी प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। माधवनगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उज्जैन के होटल श्रीगंगा में चैंबर की सफाई के दौरान जहरीली गैस से 4 लोगों की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच
