दीपावली पर्व के दौरान पटाखों की बिक्री और भंडारण में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इंदौर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने डीसीपी और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर पटाखों के गोदामों, थोक और फुटकर दुकानों तथा अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निर्देश दिए गए कि गोदाम लाइसेंस की शर्तों के अनुसार संचालित हों और रहवासी क्षेत्रों में न बनाए जाएं। पटाखा दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी, अग्निशमन उपकरण, अग्निरोधी सामग्री और फायर ब्रिगेड व एंबुलेंस के लिए रास्ता उपलब्ध रखना जरूरी होगा। जरूरत के अनुसार पानी के टैंकर और पंप की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा कैल्शियम कार्बाइड जैसे खतरनाक रसायनों के अवैध भंडारण और दुकानों के आसपास गैस सिलेंडर से खाना पकाने जैसी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस ने सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।
दीपावली पर पटाखा दुकानों और गोदामों की सुरक्षा को लेकर इंदौर पुलिस सख्त, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
