इंदौर। तेजाजीनगर थाना पुलिस ने दिनदहाड़े बंद मकानों और फ्लैटों में चोरी करने वाली गैंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान अजय योगी और अल्तमश मोहम्मद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने के मंगलसूत्र के 15 मोती, चांदी की तीन जोड़ी पायजेब, बच्चों के चांदी के चार कड़े और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने द्वारिकापुरी थाना क्षेत्र के फुटी कोठी मेन रोड स्थित शीतलनाथ जैन श्वेतांबर मंदिर की दानपेटी से नकदी और चांदी के सिक्के चोरी करने की वारदात में भी संलिप्तता बताई है। पुलिस अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इंदौर में नकबजनी गैंग का पर्दाफाश, ₹3 लाख का माल बरामद
