इंदौर के देवगुराड़िया क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में 35 वर्षीय शेयर कारोबारी अनंत भंडारी की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, वे मंदिर में दर्शन करने के बाद एक्टिवा से घर लौट रहे थे, तभी एक मिनी ट्रक ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल अनंत को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से भागा और करीब 500 मीटर दूर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने ट्रक के क्लीनर को पकड़ लिया। खुड़ैल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अनंत भंडारी अपनी शेयर ट्रेडिंग कंपनी चलाते थे। उनके परिवार में पत्नी और बुजुर्ग माता-पिता हैं।
देवगुराड़िया में मिनी ट्रक की टक्कर से शेयर कारोबारी की मौत, चालक फरार
